छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपने करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस प्राची देसाई (Prachi Desai) आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। गुजरात के सूरत में 12 सितंबर 1988 को जन्मीं प्राची को बचपन से ही अभिनय का शौक था। ऐसे में प्राची का सपना 17 साल की उम्र में पूरा हो गया और उन्होंने एकता कपूर के शो ‘कसम से’ से टीवी की दुनिया में कदम रखा। इस सीरियल से प्राची घर-घर में अपनी पहचान बनाने में सफल रही थी। आज एक्ट्रेस के जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
‘कसम से’ से हुई शुरुआत
प्राची देसाई ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट, पंचगनी से की और फिर पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए 17 साल की उम्र में बालाजी टेलीफिल्म्स शो के लिए ऑडिशन दिया। ऑडिशन में उनका चयन हो गया और उन्हें 2006 के सीरियल ‘कसम से’ में खुद से 15 साल बड़े राम कपूर के साथ काम करने का मौका मिला। प्राची ने इस सीरियल में बानी बनकर अपनी क्यूटनेस से लोगों का दिल जीता था। इसके बाद वह कुछ समय ‘कसौटी जिंदगी की’ में भी नजर आई थीं।
यह थी पहली फिल्म
प्राची देसाई अपने पहले शो से ही काफी पॉपुलर हो गई थीं। 2007 में प्राची ने ‘झलक दिखला जा’ में हिस्सा लिया। शो के दौरान ही प्राची का फोन आया और डायरेक्टर ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। प्राची जब वहां पहुंची तो उन्हें ‘रॉक ऑन’ ऑफर किया गया। प्राची को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उन्हें यह फिल्म इतनी आसानी से मिल गई है। पहली ही फिल्म में प्राची ने फरहान अख्तर के साथ स्क्रीन शेयर की थी। इसके बाद प्राची ने टीवी को अलविदा कह दिया था और बड़े पर्दे का रुख किया था।
इन फिल्मों का भी हिस्सा बनी
‘रॉक ऑन’ के बाद प्राची 2010 में इमरान हाशमी के साथ ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई’ में नजर आईं। फिल्म में प्राची और इमरान हाशमी की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था और उन्होंने बोल्ड सीन भी दिए थे, जिसकी वजह से वह सुर्खियों में आई थीं। . इसके बाद प्राची (Prachi Desai) ‘अजहर’, ‘बोल बच्चन’, ‘आई मी और मैं’ और ‘पुलिसगिरी’ जैसी कई फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि वह लंबे समय से पर्दे से गायब थीं और हाल ही में Zee5 पर फिल्म ‘फोरेंसिक’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया है।